चैतन्य भारत न्यूज
काहिरा. शनिवार को मिस्र में दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसे हुए। इन हादसों में कुल 28 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में भारतीय पर्यटक भी शामिल हैं। हादसे में ज्यादातर कपड़ा मजदूर मारे गए हैं। मिस्र के आधिकारिक मीडिया और अधिकारियों ने समाचार एजेंसी एएफपी को यह जानकारी दी।
पहली घटना पोर्ट सैद और डेमिएट्टा के बीच हुई। यहां कपड़ा मजदूरों से भरी एक बस सड़क पर एक कार से टकरा गई। स्थानीय समाचार पत्र अल-अहराम के मुताबिक, मृतकों में 22 पुरुष और महिलाएं हैं जो एक कपड़ा मिल में काम करने जा रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, इस हादसे में 8 लोग घायल हुए हैं।
इससे पहले काहिरा से सटे एन सोखना रिसॉर्ट के पास भी एक सड़क हादसा हुआ। यहां पर्यटकों से भरी दो बसें रिसॉर्ट के पास एक ट्रक से टकरा गईं। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, इस हादसे में दो मलेशियाई महिलाएं, एक भारतीय शख्स और मिस्र के भी तीन लोगों की मौत हो गई है। मिस्र के तीन लोगों में एक बस ड्राइवर, एक टूर गाइड और एक सिक्योरिटी गार्ड शामिल हैं। साथ ही इस घटना में करीब 24 लोग जख्मी भी हुए हैं। इनमें ज्यादातर पर्यटक शामिल हैं। कई लोगों की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।
गौरतलब है कि मिस्र में सड़क हादसे होना आम बात है। दरअसल यहां की सडकों की हालत ज्यादा खराब है। वहां यातायात के नियमों का उल्लंघन करना भी आम बात है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिस्र में हर असल हजारों लोगों की सड़क हादसे में ही मौत हो जाती है। साल 2018 में ही वहां 8480 सड़क हादसे हुए थे। उसके पहले यानी 2017 में यह आंकड़ा 11,098 था। 2016 की बात करें तो उस साल सड़क हादसे के चलते 5 हजार से ज्यादा मौतें हुईं। 2017 में मौतों का आंकड़ा कम हो गया था। उस साल 3747 लोगों की मौत हुई थी जबकि 2018 में यह संख्या 3087 थी।