चैतन्य भारत न्यूज
मुंबई. लोकसभा चुनाव 2019 के जरिए राजनीति में कदम रखने वाली बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर ने हाल ही में एक पत्र लिखकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। बता दें उर्मिला ने कांग्रेस के टिकट पर उत्तरी मुंबई सीट से चुनाव लड़ा था। लेकिन उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव हारने के बाद उर्मिला ने ईवीएम में गड़बड़ी होने की बात कही थी। लेकिन अब उनका एक ऐसा पत्र सामने आया है जिसमें उर्मिला ने अपने लोकसभा क्षेत्र के स्थानीय नेताओं पर हार का ठीकरा फोड़ दिया है।
उर्मिला ने अपने चुनाव प्रचार के लिए नियुक्त चीफ कॉर्डिनेटर भूषण पाटील और संदेश कोंडविलकर पर हार का आरोप लगाया। बता दें ये दोनों ही नेता पुर्व मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम के नजदीकी हैं। उर्मिला ने इन दोनों नेताओं को लपेटे में लेते हुए पत्र में लिखा कि, स्थानिय स्तर पर इन दो नेताओं ने लोगों तक पहुंचने में कोई मदद नहीं की। उर्मिला ने यह पत्र 16 मई को तात्कालिन मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवरा को लिखा था। उन्होंने लिखा कि, ‘मैंने जीत के लिए कड़ी मेहनत की लेकिन मुझे कांग्रेस संगठन से अपेक्षित सहयोग नही मिला। खासकर ऊपर नाम लिखे नेताओं से।’
उर्मिला ने अपने शिकायती पत्र में आगे यह भी लिखा कि, ‘उन्हें केंद्रीय कार्यालय में पर्याप्त जगह नहीं। उनके निर्वाचन क्षेत्र में छोटे कार्यालय भी नहीं बनाए गए। प्रचार सामग्री का वितरण ठीक से नहीं किया गया, जिसके कारण मतदाताओं तक अपनी बात सही ढंग से नहीं पहुंची। इसके अलावा प्रचारसभा और पदयात्रा भी समय पर शुरू नहीं हुई।’ बता दें उर्मिला ने बीजेपी के गोपाल शेट्टी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। उर्मिला से पहले 2004 में अभिनेता गोविंदा ने इसी सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी।