चैतन्य भारत न्यूज
मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबरॉय के घर बॉलीवुड ड्रग मामले में बेंगलुरु पुलिस ने छापेमारी की है। बेंगलुरु पुलिस के दो इंस्पेक्टर ने दोपहर 1 बजे छापेमारी की शुरुआत की। अधिकारी कथित रूप से विवेक के साले आदित्य अलवा की तलाश कर रहे थे। बेंगलुरु पुलिस सर्च वारंट लेकर विवेक ओबरॉय के जुहू स्थित घर पर पहुंची है।
एक पुलिस ऑफिसर ने इस छापेमारी को लेकर कहा, ‘आदित्य अलवा फरार है। विवेक ओबेरॉय उनके रिश्तेदार हैं और हमें जानकारी मिली है कि अलवा उनके घर में छुपा है। तो हम चेक करना चाहते थे। इसी के लिए कोर्ट से वॉरेंट लिया गया और हमारी क्राइम ब्रांच की टीम बेंगलुरु से मुंबई में उनके घर गई।’
बता दें अलवा, कन्नड़ फिल्म निर्माता इंद्रजीत लंकेश द्वारा खुलासा किए गए कथित ड्रग रैकेट के प्रमुख आरोपियों में से एक है। आदित्य अत्यधिक प्रभावशाली पारिवारिक पृष्ठभूमि से हैं। उनके दिवंगत पिता जीवनराज अलवा को उनके समय के सबसे शक्तिशाली मंत्रियों और नेताओं में से एक माना जाता था। उन्हें दिवंगत मुख्यमंत्री, रामकृष्ण हेगड़े का दाहिना हाथ माना जाता था।
सूत्रों के अनुसार सीसीबी अधिकारियों ने मुंबई में विवेक ओबेरॉय के घर की तलाशी लेने के लिए अदालत से वारंट हासिल किया, ताकि पता चल सके कि अल्वा अपनी बहन प्रियंका के घर पर छिपे हुए हैं या नहीं। अलवा तब से फरार है, जब पुलिस ने सैंडलवुड स्टार रागिनी द्विवेदी के घर पर छापे मारे थे। बता दें कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री को सैंडलवुड के नाम से जाना जा है।