चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. उत्तर भारत में जारी कड़ाके की ठंड से अभी राहत मिलने की संभावना नजर नहीं आ रही है। वहीं मौसम विभाग ने भी इसकी चेतावनी पहले ही जारी कर दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बंगाल, सिक्किम आदि राज्यों में ठंड अपना जलवा दिखाएगी।
मौसम विभाग ने कहा कि 25 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान में शीत लहर की स्थिति विकसित होने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में सुबह के समय कुछ स्थानों पर बहुत घने कोहरे के आसार थे। वहीं बिहार, असम, मेघायल, मणिपुर और त्रिपुरा में अगले दो दिनों तक घना कोहरा रह सकता है।
उत्तर प्रदेश के लिए भी चेतावनी दी गई है। वहां अगले 5 दिन तक सुबह घना कोहरा रहेगा और शीत लहर भी चलेगी। इसके अलावा दिल्ली वासियों को सोमवार की सुबह भी ठंड से कोई खास राहत नहीं मिली और न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस समय के लिए सामान्य है। हालांकि रविवार की सुबह और भी सर्द थी जब न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।