चैतन्य भारत न्यूज
इन दिनों सोशल मीडिया पर एक महिला का वीडियो लगातार वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला लता मंगेशकर के सुपरहिट गाने ‘एक प्यार का नगमा है’ को बेहद खूबसूरती से गाते नजर आ रही हैं। पश्चिम बंगाल के रानाघाट स्टेशन के पास मौजूद एक महिला ने इस गाने को इतना बखूबी गाया कि इनके वीडियो ने कुछ ही देर में लाखों लोगों का ध्यान खींच लिया।
इस महिला की आवाज को आम जनता ही नहीं बल्कि सेलेब्रिटीज ने भी पसंद किया है। इस गाने की बात की जाए तो ये फिल्म ‘शोर’ में फिल्माया गया था जो कि 1972 में रिलीज हुई थी। विरल भयानी ने वीडियो शेयर कर ये जानकारी भी दी है कि ये महिला पश्चिम बंगाल के स्टेशन के बाहर गाना गाती दिखीं।
View this post on Instagram
इसके अलावा फेसबुक पर ‘बारपेटा टाउन द प्लेस ऑफ पीस’ नाम के पेज से इस महिला का एक और वीडियो शेयर किया गया है। इस वीडियो में महिला ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ गाती नजर आ रही हैं। बता दें कि इस महिला ने इतनी शानदार आवाज में ये गाना गाया है कि लोग इसको काफी पसंद कर रहे हैं। इस वीडियो को देखने के बाद कई लोग भावुक कमेंट्स कर रहे हैं।
विरल के शेयर किए हुए वीडियो पर अभिनेत्री संगीता बिजलानी ने कमेंट किया है। उन्होंने लिखा कि, ‘सो स्वीट’। वहीं अभिनेता करण टैकर ने लिखा कि, ‘वाह यार’। सिंगर टोनी कक्कर ने भी इमोजी बनाई। साथ ही अभिनेत्री रूपाली जग्गा ने लिखा, ‘ये बहुत अच्छा है।’ इसके अलावा यूजर्स भी इस महिला की आवाज को पसंद कर रहे हैं। एक फेसबुक यूजर ने लिखा कि, ‘इन्होंने मेरी आंखों में आंसू ला दिए हैं। वह कितनी खूबसूरती के साथ गाना गा रही हैं।’