चैतन्य भारत न्यूज
टिकटॉक एप के प्रति देशभर में लोगों की दीवानगी इस कदर है कि लोग वीडियों बनाने के लिए अपनी जान तक जोखिम डाल देते हैं। टिकटॉक को लेकर आए दिन अजीबोगरीब मामले सामने आते रहते हैं। इतना ही नहीं बल्कि लोग इस एप की काफी आलोचना भी करते हैं। लेकिन इसी टिकटॉक एप के जरिए एक महिला को अपना तीन साल से लापता पति वापस मिल गया है।
यह खबर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। यह रोचक मामला तमिलनाडु के विल्लुपुरम का है। खबरों के मुताबिक, सुरेश नाम का युवक 2016 में अपनी पत्नी जया प्रदा और दो बच्चों को छोड़कर घर से चला गया था। सुरेश के घर नहीं लौटने पर उसे अलग-अलग जगहों पर ढूंढा गया। जब उसका कुछ पता नहीं चला तब पत्नी जया प्रदा ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी।
पुलिस ने सुरेश की गुमशुदगी की रिपोर्ट तो लिख ली लेकिन तीन साल से उसका कोई पता नहीं लगा पाई। जया प्रदा के मुताबिक, किसी रिश्तेदार ने उसे बताया कि उसने टिकटॉक पर सुरेश जैसा दिखने वाले एक व्यक्ति को देखा। इसके बाद जया ने खुद उस वीडियो को देखा और उसने सुरेश को पहचान लिया। वीडियो देखने के बाद जया तुरंत पुलिस के पास पहुंची और उन्हें टिकटॉक वीडियो दिखाया। इसके बाद पुलिस वीडियो की लोकेशन खोजते हुए होसुर पहुंची और उन्होंने वहां सुरेश को दूसरे प्रांत की महिला के साथ पाया।
पूछताछ में सुरेश ने बताया कि, वह घर से दुखी होकर भाग गया था। इसके बाद वह होसुर में एक ट्रैक्टर फैक्टरी में मैकेनिक का काम करने लगा। इस दौरान उसकी मुलाकात दूसरे प्रांत की युवती से हुई और दोनों साथ रहने लगे। इस घटना के बाद टिकटॉक के चर्चे चारों ओर हो रहे हैं।