चैतन्य भारत न्यूज
महाराष्ट्र के बीड से चौंकाने वाली खबर आई है। यहां एक महिला 20वीं बार गर्भवती हुई है। 20 बार प्रेग्नेंट होने की बात जरूर आपको सुनने में अजीब लग रही होगी, लेकिन यह सच है। खबरों के मुताबिक, 38 साल की उम्र में महिला का अब तक 16 बार सफल प्रसव हुआ है, जबकि 3 बार उसका गर्भपात हो गया। 16 बार के प्रसव से 5 बच्चों की जन्म के कुछ घंटे या दिनों के भीतर मौत हो गई, जबकि 11 बच्चे जीवित हैं।
महिला बीड जिले के मजलगांव तहसील में केसापुर इलाके की रहने वाली है, जिनका नाम लंकाबाई है। लंकाबाई खराट गोपाल समुदाय से हैं। बीते सोमवार को स्थानीय अधिकारी लंकाबाई को देखने के लिए अस्पताल पहुंचे। इस दौरान जिला के सिविल सर्जन डॉक्टर अशोक थोराट ने कहा कि इस समय लंकाबाई के 11 बच्चे हैं। 38 साल की उम्र में वह 20वीं पर मां बनने वाली हैं। इससे पहले अब तक वह 19 बार प्रेग्नेंट हो चुकी हैं और अब वह फिर सात माह की प्रेग्नेंट हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि, महिला की सभी जरूरी जांच पूरी कर दी गई है। जच्चा और बच्चा अब तक स्वस्थ हैं। उसे संक्रमण से बचने के लिए स्वच्छता और अन्य बातों की सलाह दी गई है। डॉक्टर अशोक थोराट ने बताया कि, यह पहली बार होगा जब महिला अस्पताल में बच्चे को जन्म देगी। इससे पहले उसने घर पर ही बच्चे को जन्म दिया था। लंकाबाई को किसी भी खतरे से बचने के लिए चिकित्सकों द्वारा सरकारी अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी गई है।