चैतन्य भारत न्यूज
जापान में पिछले साल अक्टूबर में एक अनोखे बच्चे ने जन्म लिया था। इस बच्चे को दुनिया का सबसे छोटा बच्चा कहा गया था। जन्म के 7 महीने बाद अब ये बच्चा अस्पताल से घर जाने को तैयार है। जब इस बच्चे का जन्म हुआ था तब इसका वजन एक सेब से भी कम था। जी हां… डॉक्टरों ने बताया कि, जन्म के समय बच्चे का वजन मात्र 258 ग्राम था। जन्म के साथ ही इस बच्चे ने सबसे कम वजन वाला बच्चा होने का रिकॉर्ड बनाया था।
इस बच्चे का नाम है रुसुके सेकिया जिसका जन्म आपातकालीन सिजेरियन सेक्शन के जरिए हुआ था। बच्चे की मां का नाम तोशिको है जिन्होंने गर्भधारण के बाद हाई ब्लड प्रेशर की दिक्कत के कारण 24 सप्ताह और पांच दिन में ही रयुसुके सेकिये को जन्म दे दिया था। जब इस बच्चे का जन्म हुआ था तब उसकी लंबाई 22 सेंटीमीटर थी। तब से लेकर अब तक डॉक्टरों ने बच्चे को अति गहन चिकित्सा कक्ष में रखा था।
इस दौरान बच्चे को दूध पिलाने के लिए ट्यूब का इस्तेमाल किया गया। कभी-कभी जब बच्चे को मां का दूध पिलाना होता था तो इसके लिए रुई का इस्तेमाल किया जाता था। जन्म के करीब 7 महीने बाद बच्चे का वजन 13 गुना बढ़ गया और अब ये बच्चा 3 किलोग्राम का हो गया है। बच्चे की रिकवरी को देखकर डॉक्टरों ने उसे घर भेजने का फैसला लिया।
रुसुके सेकिया की मां तोशिको ने कहा कि, ‘जन्म के समय वो बहुत छोटा था। कई बार लगता था कि छूने पर वह टूट जाएगा। लेकिन अब ठीक हो गया है और दूध भी पी सकता है। अब रुसुके सेकिया को नहलाया भी जा सकता है। मैं खुश हूं कि मैं उसे बड़ा होते देख पा रही हूं।’
बता दें इससे पहले भी सबसे कम वजनी बच्चा जापान में ही जन्म था। इस बच्चे का जन्म के समय 268 ग्राम ही वजन था। बच्चे को रिकवरी के बाद फरवरी में अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। गौरतलब है कि, दुनिया में सबसे कम वजन वाली बच्ची साल 2015 में जर्मनी में जन्मी थी। जन्म के समय उस बच्ची का वजन 252 ग्राम था।